पटना , जून 17 -- बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी मंगल पांडेय ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के पुनर्निर्माण का संकल्प साकार हो रहा है।श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब डबल-इंजन सरकार स्थापित हो गई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल को अन्य राज्यों की तरह केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलने लगा है। भारत दुनिया का नेतृत्व करने और विश्वगुरु बनने की दिशा में कई कदम आगे बढ़ा है। राम मंदिर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के माध्यम से विकास और विरासत के बीच संतुलन बना है। सेवा और सुशासन के 12 वर्षों ने हर नागरिक के जीवन को बदल दिया है और विश्वास जताया कि हर देशवासी 2047 तक "विकसित भारत" के निर्माण की दिशा में काम करेगा।

श्री पांडेय ने कहा कि श्री मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास, सुशासन और जन कल्याण के लिए कई सकारात्मक कदम उठा रही है।उन्होंने कहा कि अब राज्य में स्वास्थ्य, उद्योग और अनुसंधान के क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रहे हैं। राज्य में औद्योगिक विकास के लिए नई नीतियां लाई जा रही हैं, जिससे व्यापार के अनुकूल माहौल बने। इसके अलावा भारतीय वाणिज्य मंडल द्वारा राज्य में लगभग एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की पहल की जा रही है।

भाजपा नेता श्री पांडेय ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी का प्रसार मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के बीच हुई बैठक में राज्य में कई केंद्रीय विज्ञान योजनाओं के विस्तार का निर्णय लिया गया है। जिससे अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि श्री सुवेंदु अधिकारी ने सीधा संवाद स्थापित करने के लिए ''जनता दरबार'' की शुरुआत की है, जहां आम नागरिक सीधे अपनी समस्याएं और शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित