बेगूसराय, अक्टूबर 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है, वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सुशासन से समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। श्री सरावगी ने आज बेगूसराय के सिहौल में दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों सर्वेश कुमार और डॉ. घनश्याम राय के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मतदाताओं से दोनों प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
श्री सरावगी ने कहा कि केंद्र और राज्य की राजग सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जा रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लोगों को 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण दिए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे गरीब परिवारों के बच्चों को मेडिकल शिक्षा सहित उच्च शिक्षण संस्थानों में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार में उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या लगभग चार लाख थी, जो अब बढ़कर करीब 26 लाख हो गई है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में इंटर स्तरीय विद्यालयों की स्थापना से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को आगे पढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक ही दिन में 221 डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित