सीहोर , मई 10 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज सीहोर जिले के भैरूंदा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 और पीएम जनमन योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 2055 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता का स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सौंपा। साथ ही पीएम जनमन योजना के तहत 261 करोड़ रुपए लागत की नई सड़कों और 1763 करोड़ रुपए लागत की 963 सड़कों की मंजूरी का पत्र भी प्रदान किया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के अंतर्गत प्रदेश में 1763 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे प्रदेश की 987 बसाहटों को सड़क संपर्क सुविधा मिलेगी। सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपए की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे 84 बसाहटों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प वर्षा के साथ की। इस दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया तथा विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई धारा बह रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गांव, गरीब और किसानों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में विकास का महायज्ञ चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों को मध्यप्रदेश की धरती पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित