चंडीगढ़ , जुलाई 17 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधायक परगट सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंजाब दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को केवल रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन तक सीमित रहने के बजाय पंजाब और देश से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि राज्य इस समय कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री ने किसानों, मजदूरों और युवाओं से जुड़े अहम सवालों पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
शुक्रवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री सिंह ने कहा कि प्रस्तावित यूएस ट्रेड डील का सबसे अधिक नुकसान किसानों और कृषि क्षेत्र को होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से इस समझौते के संभावित प्रभावों पर स्पष्ट स्थिति बताने की मांग करते हुए कहा कि यदि यह समझौता लागू होता है तो इसके दुष्परिणाम आने वाले वर्षों तक महसूस किए जाएंगे और उनकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। उन्होंने मनरेगा मजदूरों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि हाल ही में मजदूरों पर हुए लाठीचार्ज और उनके साथ हुए कथित अत्याचारों पर भी प्रधानमंत्री ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार पहले मनरेगा का विरोध करती रही, विशेष विधानसभा सत्र बुलाकर इसके खिलाफ प्रस्ताव तक पारित किया गया, लेकिन अब वही सरकार केंद्र की योजना का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। इससे आम आदमी पार्टी का दोहरा रवैया उजागर हो गया है।
श्री सिंह ने कहा कि पंजाब में रेलवे स्टेशनों का विकास महत्वपूर्ण है, लेकिन राज्य के सामने इससे कहीं बड़े आर्थिक, कृषि और सामाजिक मुद्दे खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान छोटे-छोटे उद्घाटन कार्यक्रमों को उपलब्धि बताकर प्रचारित करते रहे हैं और अब प्रधानमंत्री का भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों तक सीमित रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में भय और असुरक्षा का माहौल बनाकर यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि केवल वही राज्य को संभाल सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा की इसी राजनीतिक रणनीति को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आगामी संसद के मानसून सत्र में यदि केंद्र सरकार 131वां संविधान संशोधन विधेयक लाती है, तो कांग्रेस पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर जनआंदोलन छेड़ेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी।
कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर श्री सिंह ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने स्वीकार किया कि हाल के कुछ घटनाक्रमों से संगठन को कुछ नुकसान अवश्य हुआ है, लेकिन कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के साथ रैली के दौरान हुई धक्का-मुक्की की घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में इस प्रकार की घटनाओं का कोई स्थान नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित