चंडीगढ़ , सितंबर 13 -- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिन्हें गांवों, गलियों, मोहल्लों, स्कूलों, संस्थानों और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

श्री ढांडा ने सोनीपत के रेलवे रोड स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश की सेवा, राष्ट्र निर्माण और भारत को मजबूत बनाने के लिए समर्पित किए हैं। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य उनके सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में श्री मोदी के कार्यकाल के दौरान भुज भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के बाद गुजरात के पुनर्निर्माण ने नई मिसाल कायम की। उनके नेतृत्व में विकास का ऐसा मॉडल सामने आया, जिसकी चर्चा देश और दुनिया में हुई। इसी के चलते 2014 में देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में चुना।

श्री ढांडा ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, जनधन खाते, हर घर नल से जल और कौशल विकास जैसी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे, रेलवे और हवाई सेवाओं के विस्तार से व्यापार, रोजगार और विकास के अवसर बढ़े हैं।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत 'आशीर्वाद का दीया', 'सपनों का भारत', 'नमो सेवा गाथा', 'आंगन', 'कहानी बदलाव की', 'विकसित भारत संकल्प यात्रा', 'सेवा ज्योति यात्रा', 'सेवा मेरा योगदान', 'रंगोली राष्ट्र', नेशनल इनोवेशन चैलेंज और जन सेवा महाकुंभ सहित कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत विकास परियोजनाओं वाले स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। 'सपनों का भारत' में स्कूल स्तर से राज्य स्तर तक भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं होंगी। 'नमो सेवा गाथा' के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाई जाएगी।

आंगनवाड़ी केंद्रों में 'आंगन' कार्यक्रम के तहत बच्चों और माताओं के लिए गतिविधियां आयोजित होंगी। गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वस्थ गर्भावस्था और शिशु स्वास्थ्य की जानकारी दी जाएगी। 'कहानी बदलाव की' के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से पिछले 25 वर्षों में हुए बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

श्री ढांडा ने बताया कि 'रंगोली राष्ट्र' कार्यक्रम में भारत के मानचित्र पर आधारित 108 मीटर के दायरे में विशाल रंगोली बनाई जाएगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खान-पान और विविधता को दर्शाया जाएगा। रंगोली में चावल, पत्ते और अन्य प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 'सेवा मेरा योगदान' के तहत प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता के अनुसार समाज सेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कोई व्यक्ति स्वच्छता अभियान तो कोई रक्तदान के माध्यम से योगदान दे सकता है।

श्री ढांडा ने कहा कि अभियान के दौरान 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली जाएगी, जिसमें सामाजिक संगठन और सेवा क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाएं भाग लेंगी। साथ ही 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के माध्यम से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संदेश हर घर और गांव तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और साहित्यिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों को भी इससे जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा और राष्ट्र निर्माण के सफर से प्रेरणा लेकर नागरिकों को देश और समाज के प्रति अपने योगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित