जालंधर , जुलाई 15 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित जालंधर दौरे के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने 17 जुलाई को जालंधर जिले को 'नो फ्लाइंग ज़ोन' घोषित किया है।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अमनिंदर कौर द्वारा बुधवार को जारी आदेशों के अनुसार 17 जुलाई को दोपहर 12 बजे से शाम आठ बजे तक जिला जालंधर की सीमा के भीतर किसी भी प्रकार के सिविल रिमोट पायलट एयरक्राफ्ट सिस्टम, ड्रोन, हेलीकॉप्टर अथवा अन्य उड़ने वाले नागरिक विमान के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, यह प्रतिबंध प्रधानमंत्री के वीवीआईपी हेलीकॉप्टर और विमान पर लागू नहीं होगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है और निर्धारित समय के दौरान आदेशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित