पटना , अक्टूबर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति कथित अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अलग-अलग बयान जारी कर कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में माफी मांगने की मांग की है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस और राहुल गांधी की प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावनापूर्ण सोच को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी से इस टिप्पणी के लिए तत्काल माफी मांगने की मांग की।
श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति इस तरह की दुर्भावना के साथ राजनीति करना अनुचित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित