हरिद्वार , सितंबर, 17 -- । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, यज्ञ और अनुष्ठान किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी के नेतृत्व में संतों एवं श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूजन-अनुष्ठान के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं मिठाई वितरित की गई।

श्रीमहंत रवींद्र पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रहते असंभव कार्य भी संभव हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सदियों बाद ऐसे महापुरुष का जन्म हुआ है, जिन्होंने सनातन धर्म और हिंदुत्व के संरक्षण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने राम मंदिर मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय से चले आ रहे विवाद का समाधान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में संभव हुआ है। उन्होंने मां मनसा देवी मंदिर की ओर से प्रधानमंत्री को दीर्घायु का आशीर्वाद और साधुवाद दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित