महोबा , मई 10 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद जिले में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सांसद के विरोध में प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका तथा पुलिस से मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। जानकारी के अनुसार किसानों की समस्याओं, बिजली के स्मार्ट मीटरों समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से महोबा में प्रदर्शन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद अजेंद्र सिंह लोधी भी शामिल हुए। उप जिलाधिकारी शिवध्यान पांडेय को ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए कथित रूप से अमर्यादित टिप्पणी की।
प्रधानमंत्री द्वारा सोना खरीदने और पेट्रोल-डीजल की बचत संबंधी अपील को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सांसद की आलोचना शुरू हो गई।
वहीं, भाजपा कार्यकर्ता भी इस मुद्दे को लेकर लामबंद हो गए। महोबा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा के नेतृत्व में शहर में प्रदर्शन करते हुए सांसद के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में आल्हा चौक पर सांसद का पुतला फूंका गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी सांसद ने अपनी टिप्पणी से पार्टी की "विकृत मानसिकता" को प्रदर्शित किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित