वाराणसी , मई 13 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी को लेकर की गई अपील के विरोध में बुधवार को स्वर्णकार समाज के लोगों ने जिला मुख्यालय पर अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्वर्णकार समाज के सदस्यों ने झालमूड़ी बनाकर और बेचकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे स्वर्णकारों ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा देशहित का हवाला देते हुए लोगों से सोने-चांदी की खरीदारी से परहेज करने की अपील की गई थी, जिसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ा है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अपील के बाद बाजार में ग्राहकों की संख्या कम हो गई है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।
स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि यही स्थिति आगे भी बनी रही तो हजारों परिवारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति खड़ी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े लोग पूरी ईमानदारी से व्यापार करते हैं, सरकार को टैक्स देते हैं और इसी व्यवसाय से अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि इस तरह की अपीलों पर पुनर्विचार किया जाए और स्वर्णकार समाज को "बीच मझधार" में न छोड़ा जाए। स्वर्णकार समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित