रायपुर , मई 15 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के कारण देशभर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा तफरी का माहौल बन गया है।
श्री बैज ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की अपील के कारण देशभर में पेट्रोल-डीजल को लेकर भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने कहा कि लोग ईंधन संकट की आशंका से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में लग रहे हैं, वहीं कई पेट्रोल पंपों के ड्राई होने की खबरों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, तो पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारू रूप से क्यों नहीं हो पा रही है। उनका कहना था कि यदि सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जाए, तो लोगों में भय का माहौल स्वतः समाप्त हो जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाने से पहले कृत्रिम संकट का माहौल बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले भय का वातावरण तैयार किया और बाद में ईंधन के दाम बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया।
श्री बैज ने कहा कि बचत की अपील और कमी की स्थिति दोनों अलग-अलग विषय हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने दोनों को एक साथ जोड़कर लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की अदूरदर्शिता करार दिया।
उन्होंने कहा कि इससे पहले नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन जैसे फैसलों के दौरान भी केंद्र सरकार की नीतियों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आत्मप्रचार के उद्देश्य से ऐसे कदम उठाते हैं, जिससे देश में अनावश्यक संकट की स्थिति बनती है।
श्री बैज ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर केंद्र सरकार विपक्षी दलों के साथ संवाद स्थापित करने में भी विफल रही है और अब जनता से कम उपयोग की अपील की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित