हरदोई , मई 12 -- बचत बढ़ाने, सीमित खर्च करने और सोने की खरीदारी से बचने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को लेकर भाजपा विधायक श्याम प्रकाश की सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। हरदोई के गोपामऊ क्षेत्र के विधायक ने बेटे की शादी का हवाला देते हुए बिना गहनों के विवाह को लेकर चिंता जताई, हालांकि कुछ ही मिनटों बाद उन्होंने अपनी पोस्ट हटा दी। वहीं समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए इसे आम जनता की परेशानियों से जोड़ दिया है। भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह प्रधानमंत्री की अपील के अनुसार इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन बिना सोने के गहनों और मंगलसूत्र के हिंदू विवाह कैसे संभव होगा, यह बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने लिखा कि दिसंबर में उनके बेटे की शादी है और उन्हें डर है कि कहीं बिना गहनों के बारात वापस न लौट जाए। हालांकि यह पोस्ट कुछ ही मिनटों बाद हटा दी गई, लेकिन तब तक उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।
फोन पर बातचीत में विधायक श्याम प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री का हर विचार देशहित में होता है और उनके लिए प्रधानमंत्री का वक्तव्य आदेश के समान है। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिस्थितियों में बिना जेवर के विवाह की कल्पना करना कठिन है। विधायक ने कहा कि लड़कियों वाले परिवार समझौता कर सकते हैं, लेकिन लड़के वालों को मनाना मुश्किल होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को इस प्रकार की सामाजिक परिस्थितियों के लिए व्यावहारिक विकल्प भी सुझाने चाहिए।
उधर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता जितेंद्र वर्मा 'जीतू' ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बयान से आम जनता, व्यापारी, सर्राफा कारोबारी और यहां तक कि जनप्रतिनिधि भी असमंजस में हैं। सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार बड़े खर्च और आलीशान व्यवस्थाओं पर पैसा खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को शादी-ब्याह, घर की मरम्मत और सोने की खरीद से बचने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने इसे अव्यावहारिक बताते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल खड़े किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित