करनाल , सितंबर 11 -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने शुक्रवार को घरौंदा में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत आयोजित वितरण समारोह में 60 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे सरकार की ओर से दी जाने वाली वित्तीय सहायता का उपयोग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल आवास निर्माण के लिए करें।
समारोह को संबोधित करते हुए हरविंदर कल्याण ने कहा कि यह संतोष की बात है कि पात्र लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों की समस्याओं और जरूरतों को समझते हैं। केंद्र सरकार ने गरीब और जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की कठिनाइयों को देखते हुए प्रत्येक घर में शौचालय उपलब्ध कराने का अभियान चलाया गया। वहीं, लिंगानुपात में सुधार और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा से 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान की शुरुआत की गई। गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना भी संचालित की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित