नयी दिल्ली , जुलाई 22 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन की घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है और देश से माफी मांगने की मांग की है।

श्री मल्होत्रा ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कांग्रेस द्वारा कल श्री मोदी के सरकारी आवास पर किया गया प्रदर्शन अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान और उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिन से जो आराजकता देखी जा रही है, वह छात्र आंदोलन नही है, असल में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट, समाजवादी पार्टी के बीच युवा आंदोलन भड़काने की चल रही चेष्टा का कुपरिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पद 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान है। उस पद और उस आवास को घेरकर कांग्रेस ने सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश की जनता का अपमान किया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता से बेदखल होने की हताशा में कांग्रेस अब सड़क पर उतरकर अराजकता फैलाना चाहती है। भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस को जनता ने तीन बार नकार दिया तो अब वो संसद और सड़क दोनों में हंगामा करके देश का माहौल खराब कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित