चंडीगढ़ , मई 28 -- हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने प्रदेश में पेयजल उपलब्धता और जल प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा को लेकर सिंचाई विभाग तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए राज्यभर में पेयजल आपूर्ति, जल भंडारण क्षमता और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी।
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रदेश के सभी जिलों में जलघर, डिग्गियों और तालाबों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, ताकि गर्मी के दौरान किसी भी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में सभी विभाग पूर्ण समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि पूर्व में आई बाढ़ और कई जिलों में मिट्टी की सतह कमजोर होने के कारण कुछ जलघर और जल भंडारण टंकियां प्रभावित हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार प्रभावित संरचनाओं के उन्नयन और पुनर्गठन का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे भविष्य में जल आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बन सके।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाये तथा जहां भी किसी प्रकार की समस्या सामने आए, उसका तुरंत समाधान किया जाये। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों के साथ-साथ पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को क्षेत्र स्तर पर सक्रिय रहकर आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिये गये।
बैठक में सिंचाई विभाग की ओर से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को हरसंभव तकनीकी और संसाधन संबंधी सहयोग उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर सिंचाई विभाग द्वारा अतिरिक्त जल उपलब्धता सहित अन्य जरूरी सहयोग तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित