पटना , जुलाई 21 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र में कहा कि वर्तमान शिक्षण सत्र में राज्य के सभी उच्च, मध्य और प्राथमिक विद्यालयों में छात्र- शिक्षक समानुपातिकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।श्री तिवारी ने विधायक रुहेल रंजन, मांजरीक मृणाल तथा अन्य के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में सदन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत छत्र शिक्षक अनुपात 40-1 तय किया गया है और राज्य सरकार उसी दिशा में काम कर रही है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्व के वर्षों में नियोजन के माध्यम से नियुक्त किये गए शिक्षकों की संख्या नगरीय इलाको में ज्यादा और ग्रामीण इलाकों में कम होने की वजह से छात्र-शिक्षक अनुपात (पीटीआर) में विसंगति देखी गयी है, लेकिन विभाग ने इस पर संज्ञान लिया है और इसकी पूरी जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी प्रधानाध्यापकों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों के माध्यम से डेटा एकत्र किया जा रहा है और जिन विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या ज्यादा है, उन्हें कम अनुपात वाले विद्यालयों में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित