चंडीगढ़ , अगस्त 21 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण दवाओं और आधुनिक नैदानिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार दवाओं और आधुनिक मशीनों की खरीद की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी शुक्रवार को स्पेशल हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद दी। बैठक में हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

सुश्री राव ने बताया कि कमेटी ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए करीब 97 करोड़ रुपये की 117 महत्वपूर्ण और आवश्यक दवाओं की खरीद को मंजूरी दी है। इनमें इंजेक्टेबल, एंटीबायोटिक्स, एंटीसाइकोटिक, एंटीडायबिटिक और कार्डियोवैस्कुलर दवाओं सहित विभिन्न रोगों के उपचार में उपयोग होने वाली दवाएं शामिल हैं। खरीद में गुणवत्ता, लागत-प्रभावी क्षमता और समयबद्ध आपूर्ति पर विशेष जोर दिया जाएगा।

पीजीआईएमएस रोहतक के ब्लड बैंक सेंटर के लिए करीब 2.40 करोड़ रुपये की लागत से आईडी-एनएटी पूरी तरह स्वचालित प्रणाली की एकमुश्त खरीद को मंजूरी दी गई। इसके अलावा, इमेजिंग सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए करीब 2.20 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल रेडियोग्राफी सिस्टम विद फ्लोरोस्कोपी की दो वर्ष के रेट कॉन्ट्रैक्ट के तहत खरीद को भी स्वीकृति दी गई।

जिला स्तरीय नेत्र देखभाल सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेश के 22 जिला नागरिक अस्पतालों में 6.62 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 22 ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफ की खरीद को मंजूरी दी गई। वहीं, रक्तप्रवाह संक्रमणों की त्वरित पहचान के लिए जिला नागरिक अस्पतालों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 2.06 करोड़ रुपये की लागत से 19 फुली ऑटोमेटेड ब्लड कल्चर सिस्टम की खरीद को भी हरी झंडी दी गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन खरीद प्रस्तावों की मंजूरी से प्रदेश के सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी और लोगों को सुलभ समयबद्ध तथा मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित