लखनऊ , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि प्रदेश में खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने अधिकारियों को उर्वरक वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

योगी ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि धान की रोपाई तथा अन्य खरीफ फसलों की बुवाई के बाद किसानों को फसल संस्तुति के अनुरूप समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को सभी 18 मंडलों में उर्वरकों की उपलब्धता की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि कालाबाजारी या कृत्रिम संकट उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि 27 जुलाई तक खरीफ सीजन में 28.25 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 29.05 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडार अभी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध स्टॉक में 14.77 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 4.81 लाख मीट्रिक टन डीएपी, 4.90 लाख मीट्रिक टन एनपीके, 3.46 लाख मीट्रिक टन सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) तथा 1.11 लाख मीट्रिक टन म्यूरिएट ऑफ पोटाश (एमओपी) शामिल है।

कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान को उर्वरक प्राप्त करने में कोई कठिनाई होती है तो वह अपने जनपद अथवा मंडल के कृषि अधिकारियों से संपर्क कर सकता है।

उन्होंने बताया कि कानपुर, लखनऊ, बरेली, प्रयागराज और वाराणसी मंडलों में सर्वाधिक यूरिया उपलब्ध है तथा प्रदेश के अन्य मंडलों में भी पर्याप्त भंडार मौजूद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित