पटना , सितंबर 25 -- ारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल, महान विचारक, संगठनकर्ता और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर शुक्रवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम से पहले प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसानिया,भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू सहित प्रदेश के पदाधिकारियों, पार्टी नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय परिसर में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों एवं योगदान को याद किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय चिंतन और संस्कृति को केंद्र में रखते हुए एकात्म मानववाद का विचार देश के सामने रखा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का विचार आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रेरणा देता है।
सिद्धार्थ शंभू ने कहा कि 2013 के भारत और 2026 के भारत में बहुत अंतर है। पहले भारत कई क्षेत्रों में दूसरे देशों पर निर्भर रहता था, लेकिन आज देश स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी क्षमताओं को विकसित कर रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित