पटना , जुलाई 14 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को कहा है कि प्रदेश के विद्यालयों में कक्षाओं के बाहर रोज नये नये प्रेरक स्लोगन लिखे जाएं और ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जो विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों, अनुशासन और सकारात्मक सोच के लिए भी प्रेरित करे।
श्री तिवारी ने कहा कि विद्यालयों में सभी कक्षाओं के बाहर प्रेरक स्लोगन लिखने से बच्चों को रोज़ नई सीख और सकारात्मक प्रेरणा मिलेगी।
शिक्षा मंत्री ने मंगलवार को शास्त्रीनगर स्थित राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के लिए गये थे। पटना के जिन 10 मॉडल स्कूलों को सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित किया गया है, उनमें यह विद्यालय भी शामिल है। इस विद्यालय में 16 जुलाई को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम है।
श्री तिवारी ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक और आधारभूत व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने बारी-बारी से क्लास रूम, केमिस्ट्री लैब, अटल टिंकरिंग लैब, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिये कि छात्राओं के लिए ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए जो उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ नवाचार, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित