पटना , मई 31 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को प्रदेश के लोगों से आह्वान किया कि तंबाकू और सभी प्रकार के नशे से दूर रह कर स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका अदा करें।

श्री चौधरी ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर कहा कि तंबाकू सेवन और नशे की लत सार्वजनिक स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने संदेश में कहा, "आइये, तंबाकू और नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लें।"श्री चौधरी ने कहा कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव को कम करने में जनभागीदारी और जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से स्वस्थ आदतें अपनाने तथा एक मजबूत और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित