प्रतापगढ़ , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बनने के बाद आराधना मिश्रा 'मोना' शनिवार को पहली बार प्रतापगढ़ पहुंचीं। अपने विधानसभा क्षेत्र के लालगंज चौक पर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया।
लालगंज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आराधना मिश्रा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के झूठे वादों से जनता ऊब चुकी है।
जनसभा के मुख्य अतिथि और राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आराधना मिश्रा का सहयोग करने और कांग्रेस को मजबूत बनाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित