रायपुर, मार्च 06 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में एक बार फिर बिजली बिलों ने आम जनता का जीवन मुश्किल कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा 400 यूनिट तक बिजली छूट की योजना बंद करने और स्मार्ट मीटर लगाने के बाद लोगों के बिल तीन गुना तक बढ़ गए हैं।

श्री बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि फरवरी के अंतिम और मार्च के प्रथम सप्ताह में प्रदेश भर के 122000 लोगों के घरों के बिजली कनेक्शन बिल नहीं भर पाने के कारण काट दिए गए। उन्होंने कहा, "सरकार ने 200 यूनिट तक बिजली के दाम आधे करने की घोषणा की थी, लेकिन उसका भी कोई लाभ जनता को नहीं मिल रहा है। यह जनता के साथ सीधा अत्याचार है।" कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि तत्काल बिजली के दाम कम किए जाएं और 400 यूनिट तक आधे दाम वाली पुरानी योजना को बहाल किया जाए।

दीपक बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बदहाल बताते हुए होली के दिन हुई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अकेले रायपुर जिले में होली के दिन 4 हत्याएं और 16 चाकूबाजी की घटनाएं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया, "पूरे प्रदेश में आतंक का माहौल रहा। पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी गई, घरों में घुसकर महिलाओं से अभद्रता की गई। दल्लीराजहरा में एक नाबालिग सामूहिक दुराचार का शिकार हो गई।"श्री बैज ने इन घटनाओं के लिए सरकार की शराब नीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अधिकांश घटनाएं नशे के कारण हुईं। उन्होंने दावा किया कि सरकार होली के दिन शराब की दुकानें खोलना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस और मीडिया के विरोध के कारण उसे ड्राई-डे घोषित करना पड़ा। उन्होंने गृहमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राज्य की कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं और उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित