रायपुर , मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में पूर्ण शराबबंदी को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर वादे करने वाली भाजपा अब स्पष्ट करे कि प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी कब लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों तक शराबबंदी के नाम पर जनभावनाओं को भुनाने वाले नेता अब सत्ता में आने के बाद चुप्पी साधे हुए हैं।
दीपक बैज ने आज आरोप लगाया कि राज्य में शराब बिक्री के नाम पर वसूली की सुनियोजित प्रक्रिया चल रही है। दुकानों में किन ब्रांडों की बिक्री होगी और किन कंपनियों को अनुमति दी जाएगी, इसे लेकर बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण में उच्च स्तर पर संरक्षण प्राप्त है। राजनांदगांव सहित कई स्थानों से ऐसी शिकायतें सामने आई हैं कि शराब दुकानों से प्रति पेटी 200 रुपये अतिरिक्त देकर अवैध बिक्री की जा रही है और इसे प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित