मुंबई , जुलाई 27 -- महाराष्ट्र के दादर में नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिये गये छात्रों की रिहाई की मांग करते हुए पुलिस वाहन के सामने खड़े होने के बाद चर्चा में आयी मॉडल एवं सामाजिक कार्यकर्ता रिया अहीर ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से चलाए जा रहे दुष्प्रचार, मानहानि और ऑनलाइन उत्पीड़न के संबंध में महाराष्ट्र साइबर सेल में शिकायत दर्ज करायी है।

रिया अहीर ने सोमवार को साइबर सेल के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित दुष्प्रचार अभियान चलाने वाले लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। यह विवाद 22 जुलाई को मुंबई में हुए उस घटनाक्रम के बाद शुरू हुआ, जब उन्होंने हिरासत में लिये गये प्रदर्शनकारियों को ले जा रहे पुलिस वाहन को रोकने का प्रयास किया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ था।

सुश्री अहीर का आरोप है कि कई सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और चरित्र हनन का अभियान चलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनकी धुंधली बिकिनी तस्वीरों का इस्तेमाल कर यह झूठा दावा किया कि वह इंस्टाग्राम पर वयस्क सामग्री से जुड़ी सदस्यता सेवा संचालित करती हैं और उससे लाखों रुपये कमाती हैं। उन्होंने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उनके किसी भी बैंक खाते का ऐसे किसी मंच से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने इस तरह की सामग्री से कभी कोई आय अर्जित नहीं की है। उन्होंने आशंका जतायी कि भविष्य में उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें और बदनाम करने की कोशिश की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित