नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- राज्यसभा में विपक्ष ने नीट यूजी पेपर लीक का विरोध कर रहे और शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों तथा अन्य प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का मुद्दा लगातार दूसरे दिन उठाया जिसके कारण हुए हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही बारह बजे तक स्थगित कर दी गयी।

सभापति सी पी राधाकृष्णन ने मंगलवार को विधायी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाने के बाद विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने का मौका दिया।

श्री खरगे ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कल एक बहुत दर्दनाक घटना हुई और इसमें जो छात्र पेपर लीक पर आवाज उठा रहे हैं उनके ऊपर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गये।

उनके यह मामला उठाते ही सत्तापक्ष के सदस्यों ने जोर -जोर से इसका विरोध शुरू कर दिया। विपक्ष के सदस्यों ने भी इसका कड़ा प्रतिवाद किया। इस बीच सदन में अव्यवस्था की स्थिति देख सभापति ने सदन की कार्यवाही बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले सभापति ने सुबह पीठासीन होते ही नेता विपक्ष श्री खरगे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन सभी के लिए प्रेरणादायी है और वह अपनी तरफ से तथा सदन की ओर से उन्हें जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं देते हैं।

राज्यसभा में संसद सत्र के पहले दिन सोमवार को भी इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के चलते कई बार के स्थगन के बाद कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित करनी पड़ी तथा कोई विधायी कामकाज नहीं हो सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित