भीलवाड़ा , मार्च 17 -- राजस्थान में सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक लादूलाल पीतलिया मंगलवार को किसानों के हक की लड़ाई लड़ने के लिए मैदान में उतर आए हैं।

जिंदल सॉ लिमिटेड द्वारा किसानों की निजी और चारागाह भूमि पर अवैध रूप से उच्च क्षमता के बिजली के टावर लगाने के विरोध में विधायक पीतलिया ने ग्रामीणों के साथ कंपनी के गेट नंबर छह पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

धरना स्थल पर आक्रोशित किसानों को संबोधित करते हुए श्री पीतलिया ने कंपनी और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि जिंदल सॉ लिमिटेड और नवदुर्गा कंपनी के ठेकेदार रणजीत सिंह द्वारा किसानों की कीमती जमीनों को जबरन हड़पने की कोशिश की जा रही है। विरोध करने पर गुंडों के जरिए किसानों के साथ मारपीट करवाई जा रही है, जो लोकतंत्र में कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को भ्रमित करने के लिए उनकी बिना सहमति के उनके खातों में पैसे भेजे जा रहे हैं।

श्री पीतलिया ने कंपनी से होने वाले प्रदूषण पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जहरीले पानी की वजह से करीब 200 बीघा कृषि भूमि बंजर हो चुकी है और बेगुनाह गोमाताएं काल का ग्रास बन रही हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक बिजली के उच्च क्षमता वाले टावर हटाने का ठोस निर्णय नहीं होता और प्रदूषण की समस्या का समाधान नहीं निकलता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

किसानों के भारी हुजूम के साथ धरने पर बैठे विधायक ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि जल्द ही इस पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो पूरे सहाड़ा क्षेत्र के किसान एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेंगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपने हक के लिए डटे रहने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित