सहारनपुर , मार्च 19 -- चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन सहारनपुर जनपद के विख्यात सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर तथा देवबंद स्थित मां त्रिपुर बाला सुंदरी शक्तिपीठ में देवी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शाकंभरी देवी धाम में श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार पहले बाबा भूरादेव को प्रसाद अर्पित किया, इसके बाद माता के दर्शन कर मन्नतें मांगीं। कुछ श्रद्धालु लेटकर भी माता के दरबार में पहुंचे। जयकारों से पूरी शिवालिक घाटी गूंज उठी और वातावरण भक्तिमय हो गया।
मेला परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया, वहीं पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा।
उधर देवबंद स्थित मां त्रिपुर बाला सुंदरी शक्तिपीठ में भी भक्तों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन-पूजन कर प्रसाद अर्पित किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित