पटना , जुलाई 08 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बुधवार को कहा कि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुँचे फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन के लिए मौके पर ही दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खडे़ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचे। इसी उद्देश्य के साथ स्वास्थ्य विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

श्री कुमार ने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा अस्पतालों के बुनियादी ढाँचे को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री दामोदर रावत एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल की। कार्यक्रम में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा तथा विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित