इटावा , मई 13 -- समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव के निधन के बाद उनसे जुड़ी स्मृतियां एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। वर्ष 2011 में सैफई में आयोजित प्रतीक और अपर्णा यादव की भव्य शादी में देश की कई नामचीन राजनीतिक, फिल्मी और उद्योग जगत की हस्तियां शामिल हुई थीं। प्रतीक और अपर्णा का विवाह चार दिसंबर 2011 को इटावा जिले के सैफई महोत्सव पंडाल में भव्य समारोह के बीच संपन्न हुआ था। शादी समारोह में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और जया बच्चन विशेष रूप से पहुंचे थे और नवदंपति को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए आशीर्वाद दिया था। समारोह में उद्योगपति अनिल अंबानी, सहारा प्रमुख सुब्रत राय, अमर सिंह, गुड्डू राजा बुंदेला, एस. डालमिया सहित कई प्रसिद्ध हस्तियां भी शामिल हुई थीं।
मुलायम परिवार से जुड़े फोटोग्राफर अर्शी ने बताया कि विवाह समारोह बेहद भव्य और आकर्षक था। देशभर की नामचीन हस्तियां समारोह में शामिल होने सैफई पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि उस दौरान खींची गई तस्वीरें आज भी उनके रिकॉर्ड में सुरक्षित हैं। अर्शी ने कहा कि प्रतीक यादव के असामयिक निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। मात्र 38 वर्ष की उम्र में उनके निधन की किसी ने कल्पना नहीं की थी।
समाजवादी पार्टी सैफई के ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शाक्य ने प्रतीक यादव से जुड़ी यादें साझा करते हुए बताया कि विवाह समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रतीक यादव स्वयं देर रात सैफई महोत्सव पंडाल पहुंचे थे। उस समय वहां मेहमानों के लिए क्षेत्र की प्रसिद्ध "मट्ठे के आलू" की सब्जी बनाई जा रही थी।
उन्होंने बताया कि प्रतीक यादव ने उत्सुकतावश इस व्यंजन के बारे में पूछा और उसका स्वाद भी लिया। मट्ठे के आलू खाने के बाद वह काफी प्रसन्न हुए और इसकी सराहना की थी। प्रतीक और अपर्णा सैफई में होने वाले छोटे-बड़े आयोजनों में अक्सर शामिल होने आते थे। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मतदान करने के लिए भी दोनों सैफई आया करते थे और नेताजी यानी मुलायम की कोठी में ही रुकते थे।
उन्होंने बताया कि नेताजी मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के निधन के बाद प्रतीक और अपर्णा ने अपना वोट सैफई से लखनऊ स्थानांतरित करा लिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित