नयी दिल्ली , अक्टूबर 28 -- कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता जैस्मिन (57 किग्रा) और अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), फिनलैंड के टैम्परे में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले 46वें इंटरनेशनल टैमर टूर्नामेंट में 14 सदस्यीय भारतीय बॉक्सिंग टीम का मुख्य आकर्षण होंगी।

यह टूर्नामेंट भारतीय मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्रदान करेगा। इसमें ओलंपिक वेट कैटेगरी (वजन वर्ग) के शीर्ष मुक्केबाजों के साथ-साथ वे मुक्केबाज भी शामिल हैं जो ओलंपिक वेट कैटेगरी में तीसरे स्थान पर हैं, लेकिन एशियाई खेलों के कार्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं।

बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, "टैमर टूर्नामेंट हमारे मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खुद को परखने का एक अहम मौका देता है। हमारा ध्यान ओलंपिक वेट कैटेगरी में खिलाड़ियों की संख्या और क्षमता बढ़ाने पर है, ताकि ज्यादा से ज्यादा भारतीय मुक्केबाजों को उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का जरूरी अनुभव मिल सके। इस तरह के टूर्नामेंट इसी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।"इस पहल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले मुक्केबाजों की संख्या बढ़ाना और भारत के शीर्ष मुक्केबाजों को विदेशी प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खुद को आजमाने का मौका देना है।

टैम्परे बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट 1977 से हर साल हो रहा है और अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कैलेंडर में एक स्थापित इवेंट है। यह प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलेगी, जिसमें पहले दिन शुरुआती राउंड, 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल और 1 नवंबर को फाइनल मुकाबले होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित