अंबिकापुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण को लेकर उत्पन्न विवाद ने तूल पकड़ लिया है। नगर निगम के सहायक अभियंता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा और उसके साथियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के आरोप में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, नगर पालिक निगम अंबिकापुर में पदस्थ सहायक अभियंता ने अपनी शिकायत में बताया कि आठ अप्रैल को उन्हें जानकारी मिली कि नौ अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का विधिवत अनावरण प्रस्तावित था। इस कार्यक्रम के लिए निगम द्वारा अंतिम चरण की तैयारियां जारी थीं।

इसी बीच, आठ अप्रैल की रात करीब 12 से एक बजे के बीच विकल झा और उसके कुछ साथियों ने बिना अनुमति प्रतिमा का अनावरण कर दिया, जिससे शासकीय कार्य बाधित हो गया।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि इस कृत्य के कारण निगम को दोबारा सजावट और व्यवस्था करनी पड़ी, जिससे शासकीय संसाधनों पर अतिरिक्त भार पड़ा। साथ ही आरोप है कि विकल झा ने इस अनावरण का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिसमें कथित रूप से भड़काऊ टिप्पणियां की गयीं और साम्प्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली बातें कही गयीं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर विकल झा और अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में आरोपी की संख्या एक से अधिक बतायी गयी है और अन्य की पहचान की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गयी है। प्रतिमा अनावरण को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। जहां एक ओर इसे शासकीय प्रक्रिया में हस्तक्षेप बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर विभिन्न संगठनों द्वारा बयानबाजीकी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित