भिण्ड , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में प्रतिबंध के बावजूद कार्बाइड गन बनाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने रविवार को एक वेल्डिंग दुकान पर छापा मारकर सात कार्बाइड गन जब्त की हैं। पुलिस ने मौके से वेल्डिंग मशीन, पांच छड़ और लोहे का हथौड़ा भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 40 से 50 हजार रुपये आंकी गई है।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता गुर्जर ने बताया कि दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रतिबंधित पटाखों तथा तेज आवाज करने वाली कार्बाइड गन के निर्माण, खरीद-बिक्री और उपयोग के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि माधौगंज हाट के पास एक वेल्डिंग दुकान पर पोटाश कार्बाइड गन बनाई जा रही हैं। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर दुकान पर छापा मारा और सरोज नगर निवासी सईम खां (27) को पकड़ लिया।

जिला प्रशासन ने त्योहारों को देखते हुए लोहे, स्टील या पीवीसी पाइप में विस्फोटक पदार्थ भरकर तेज आवाज करने वाली कार्बाइड गन के निर्माण, खरीद-बिक्री, भंडारण, परिवहन और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 547/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए), विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) और आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ए) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित