श्रीनगर , अप्रैल 18 -- जम्मू-कश्मीर सरकार ने प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी (जेएआई), जम्मू-कश्मीर और उसकी शैक्षिक संस्था फलाह-ए-आम ट्रस्ट (एफएटी) से जुड़े 58 निजी विद्यालयों को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर सरकार के जमात से जुड़े 215 विद्यालयों को अपने नियंत्रण में लेने के लगभग आठ महीने बाद हुई है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 2019 में जमात-ए-इस्लामी को गैरकानूनी घोषित कर दिया था।

जम्मू-कश्मीर के शिक्षा सचिव की ओर से जारी सरकारी आदेश में कहा गया है कि खुफिया एजेंसियों ने ऐसे 58 और सक्रिय विद्यालयों की पहचान की है, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी/फलाह-ए-आम ट्रस्ट से जुड़े पाये गये हैं। आदेश में कहा गया कि इन 58 विद्यालयों की प्रबंध समितियों की वैधता समाप्त हो गयी है या खुफिया एजेंसियों ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दी है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अधीन आने वाले शिक्षा विभाग ने इस आदेश में उपायुक्तों को इन स्कूलों का प्रबंधन अपने हाथ में लेने को कहा है। उपायुक्तों को सलाह दी गयी है कि वे संबंधित स्कूलों के लिए उचित सत्यापन के बाद यथासमय एक नयी प्रबंध समिति का प्रस्ताव दें।

आदेश में कहा गया है कि संबंधित जिला मजिस्ट्रेट/उपायुक्त इन स्कूलों का नियंत्रण लेने पर स्कूली शिक्षा विभाग के साथ परामर्श और समन्वय में उचित कदम उठायेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों का शैक्षणिक करियर किसी भी तरह से प्रभावित न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित