ऋषिकेश , मई, 09 -- उत्तराखंड में ऋषिकेशन के लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत हिल्टन रैपिड के पास शनिवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस एवं जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में खोज अभियान शुरू किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि हिल्टन रैपिड क्षेत्र में एक युवक नदी में बह गया है। घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संभावित स्थानों पर डीप डाइवरों को उतारकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

बताया जा रहा है कि युवक अपने एक साथी के साथ पास स्थित सीताराम आश्रम में कथा सुनने आया था। कथा के बाद दोनों युवक नहाने के लिए प्रतिबंधित घाट क्षेत्र में चले गए। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक युवक नदी में बह गया।

डूबने वाले युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय (20) पुत्र नंद किशोर निवासी ग्राम सीमा रिस्टना, भिकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। युवक के पास मिले परिचय पत्र के अनुसार वह श्रीरंगमलक्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम वृंदावन, जिला मथुरा का छात्र था।

घटनास्थल पर पुलिस एवं एसडीआरएफ द्वारा युवक की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी किनारे एवं रैपिड क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतें तथा प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित