पिथौरागढ़ , फरवरी 27 -- पड़ोसी देश नेपाल में प्रतिनिधि सभा के चुनाव के दृष्टिगत उससे लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा आगामी दो से पांच मार्च के बीच पूर्ण बंद रहेंगी। दोनों देशों के बीच पुलों पर भी आवाजाही बंद रहेंगी।

अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि नेपाल में प्रतिनिधि सभा के सदस्यों के चुनाव हैं। इस दौरान आगामी दो से पांच मार्च तक भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा एवं पुलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि नेपाल के खलंगा (दार्चुला) के प्रमुख जिला अधिकारी की ओर से अवगत कराया गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्धारित अवधि के दौरान सीमा पर आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

इसी क्रम में पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी की ओर से समस्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि निर्धारित समयावधि के दौरान यात्रा न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित