बेतिया , अप्रैल 24 -- िहार में पश्चिमी चम्पारण जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव में प्रताड़ना की शिकार महिला को घर से छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद एवं 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नवलपुर थाना क्षेत्र के निमुईया गांव निवासी किरण देवी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व चौमुखा गांव में हुई थी। वह गर्भवती है। उसके पिता ने योगापट्टी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से प्रताड़ित करते हुए भोजन नहीं दिया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम शुक्रवार को चौमुखा गांव पहुंची और महिला को घर से बाहर निकालने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान परिजनों और कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया। हमले में दो पुलिस जवान घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें दो महिला एवं दो पुरुष शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित