प्रतापगढ़ , सितम्बर 28 -- उत्तर प्रदेश के प्रताप गढ़ जिले मे न्यायालय में लंबित आपराधिक मुकदमे की सुनवाई के दौरान गवाही के लिए बार-बार बुलाए जाने के बावजूद उपस्थित नहीं होने वाले तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ अदालत ने सख्त रुख अपनाया है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, लालगंज, प्रतापगढ़ की अदालत ने तत्कालीन थानाध्यक्ष नीरज कुमार यादव, कांस्टेबल सचिन कुमार और उपनिरीक्षक दीपक कुमार यादव के विरुद्ध गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर 8 अक्टूबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश कराने का आदेश दिया है।
मामला सत्र परीक्षण संख्या-13/2026, राज्य बनाम शशि प्रकाश एवं शशि कान्त आदि से संबंधित है। मामला भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 109(1), 352, 351(3), 317(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 से संबंधित है और थाना लालगंज, जनपद प्रतापगढ़ का प्रकरण न्यायालय में लंबित है।
अदालत के आदेश में कहा गया है कि मुकदमे के अभियुक्त जिला कारागार में निरुद्ध हैं। मामले की सुनवाई के दौरान तत्कालीन थानाध्यक्ष नीरज कुमार यादव, कांस्टेबल सचिन कुमार तथा उपनिरीक्षक दीपक कुमार यादव को गवाही के लिए समन भेजे गए थे। आदेश के मुताबिक, समन की तामील होने के बावजूद तीनों में से कोई भी साक्षी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ।
गवाहों की गैरहाजिरी के चलते विचाराधीन बंदियों से जुड़े मामले की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पा रही थी। अदालत ने इसे गंभीरता से लेते हुए तीनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध बिना जमानतीय वारंट जारी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित