नयी दिल्ली , सितंबर 09 -- केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने देशभर में सुलभ, जन-केंद्रित और गुणवत्तापूर्ण आयुष सेवाओं की उपलब्धता मजबूत करने पर जोर दिया है।
श्री जाधव ने हैदराबाद के कान्हा शांति वनम में नीति आयोग की ओर से आयोजित 'राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयुष इकोसिस्टम को मजबूत करना' विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि आयुष प्रणालियों की पहुंच और प्रभाव बढ़ाने के लिए केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। उन्होंने बदलती स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आयुष सेवाओं की गुणवत्ता, सुलभता और जन-केंद्रित वितरण पर अधिक ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यशाला में केंद्र सरकार के साथ 30 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभिन्न संगठनों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आयुष पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए साझा अनुभवों, सर्वोत्तम प्रथाओं और सहयोगात्मक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला में आयुष स्वास्थ्य सेवा वितरण, शिक्षा, अनुसंधान, क्षमता निर्माण और व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ आयुष के एकीकरण जैसे प्रमुख विषयों पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अपने अनुभव और नवाचार साझा किये।
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने जमीनी स्तर पर आयुष सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की महत्वपूर्ण भूमिका बतायी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित