देहरादून/प्रतापनगर , जून 02 -- उत्तराखंड के कांग्रेस के प्रतापनगर विधानसभा मुख्यालय पर गुरुवार को आयोजित कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में भारी बारिश के बावजूद बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए। सम्मेलन में स्थानीय विधायक विक्रम सिंह ने प्रदेश सरकार पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया और प्रतापनगर क्षेत्र के हक हकुको को लेकर लम्बी लड़ाई का एलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का वसूली गैंग चंदा चोरी, भ्र्ष्टाचार, महिला अपराध जैसे कुकृत्य में संलिप्त है।
सम्मेलन में काग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और चकराता से विधायक प्रीतम सिंह ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अब कांग्रेस को सत्ता में आने से कोई नही रोक सकता। सदन में उपनेता भुवन कापड़ी ने कहा कि नीट पेपर लीक से युवा हताश, निराश एवं मानसिक तनाव में है और आंदोलन को विवश है लेकिन सरकार युवाओं के आंदोलन को कुचलने का कृत्य कर रही। प्रतापनगर के पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर लगातार जन विरोधी फैसले और दमनात्मक कार्य कर रही है। उसका जन हितो से कोई सरोकार नही है।
सम्मेलन में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव महेश जोशी ने कहा कि प्रदेश की धामी सरकार एवं केंद्र की मोदी सरकार के प्रति जनता में काफी गुस्सा है। हिन्दुओ के आराध्य और आस्था का केंद्र प्रभु सियावर रामचन्द्र जी के जन्म स्थान से चंदा चोरी की घटना में शामिल वास्तविक लोगों का सरकार द्वारा बचाव करने से हिन्दुओ की भावना पर ठेस पहुंची है।
डोबरा पुल में आयोजित सम्मेलन को जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, ब्लॉक अध्यक्ष बिजेंद्र रावत, राकेश थलवाल, दिनेश लाल, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा, नरेंद्र रमोला, शांति भट्ट, टिहरी नगर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशी रावत, दर्शनी रावत आदि ने सम्बोधित किया।संचालन नरेंद्र राणा ने किया और आभार जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल ने व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित