प्रतापगढ़ , अक्तूबर 21 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के बाघराय छेव्ंगा क्षेत्र में बुधवार दोपहर डंपर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत मे महिला समेत एक परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गयी जबकि पांच वर्ष का मासूम गंभीर रुप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रो ने बताया कि मृतकों की पहचान नोखेलाल सरोज (32), हैदर भारतीय (35) और रीता देवी (30) वर्ष के रूप में हुई है जबकि शिवम (5) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, कुंडा थाना क्षेत्र के गौसपुर मौली, लोहारन का पुरवा निवासी नोखेलाल सरोज अपनी बहन रीता देवी और बहनोई हैदर भारतीय के साथ प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र स्थित बाके सलेमपुर जा रहे थे, इस दौरान बाघराय थाना क्षेत्र के छेंवगा के पास करीब दोपहर एक बजे बाइक और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार तीनों वयस्क गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पांच वर्षीय शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही बाघराय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघराय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने एक महिला और दो पुरुषों को मृत घोषित कर दिया। मासूम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ रेफर कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित