प्रतापगढ़ , सितम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में अघोषित बिजली कटौती समेत अन्य जनसमस्यायों को लेकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉ.नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को धरना प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन के उपरान्त चिलबिला स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया और चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
डॉ त्रिपाठी ने कहा कि अघोषित विद्युत कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या से जनता परेशान है शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में रात-रात भर विद्युत कटौती हो रही है। जनता त्रस्त है - अधिकारी मस्त है lउन्होने कहा कि अघोषित विद्दुत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से पढ़ाई, व्यापार और सिंचाई प्रभावित हो रही है, बिजली जाते ही लाइनमैन से लेकर जेई से लेकर एक्सईएन तक का फोन स्विच ऑफ हो जाता है। उन्होने कहा कि अगर एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित