प्रतापगढ़ , मई 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना दिलीपपुर पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन निषेध अधिनियम से जुड़े मामले में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान फहाद खां उर्फ सादाब तथा सैफ खां निवासी ग्राम कोठियाही थाना दिलीपपुर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह थाना क्षेत्र के वसीरपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना दिलीपपुर में अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित