प्रतापगढ़ , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने लूट और चेन स्नैचिंग की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राम शीतला बख्श का पुरवा थाना संग्रामपुर जनपद अमेठी निवासी विपिन सिंह को शनिवार रात थाना लालगंज पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर छिपाए गए सामान की बरामदगी के दौरान अभियुक्त ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया। इस दौरान एक आरक्षी राज कुमार सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लालगंज भेजा गया है।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस तथा 16 मार्च 2026 को लालगंज थाना क्षेत्र में छीनी गई पीली धातु की चेन का हिस्सा बरामद किया है। गिरफ्तार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह थाना संग्रामपुर (अमेठी) का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित