प्रताप गढ़ , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए गए ''सड़क सुरक्षा अभियान'' के तहत 51 वाहनों पर साढ़े तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात आठ बजे से 11 बजे तक थाना क्षेत्र हथिगवां कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस एवं थाना हाथगवां पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से ''ड्रंक एंड ड्राइव'', प्रेशर हॉर्न एवं मोडिफाइड साइलेंसर , नाबालिग द्वारा वाहन चलाना के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि इस दौरान पुलिस टीम द्वारा टोल प्लाजा से गुजरने वाले लगभग 319 वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों के एल्कोहल स्तर की जांच की गयी।

उन्होंने बताया कि जांच में दोषी पाए जाने पर कुल 51 वाहन से 3,50,000 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित