प्रतापगढ़ , मई 6 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रही 13 वर्षीय छात्रा को ईंट लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने बताया कि रानीगंज थाना क्षेत्र के दमदम गांव के पास बिछुरा-दमदम बॉर्डर पर यह हादसा हुआ है। मृतक छात्रा की पहचान रोशनी बिंद (13) पुत्री सूर्यपाल बिंद, निवासी ग्राम दमदम के रूप में हुई है। रोशनी बुधवार सुबह अपनी सहेलियों दिव्या बिंद और करिश्मा बिंद के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी। वह हाल ही में कक्षा आठ पास कर कक्षा नौ में प्रवेश लेने के लिए उत्साहित थी और पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर मानी जाती थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित