प्रतापगढ़ , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्रिटेन (यूके) के सिम कार्ड, फर्जी बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना प्रतापगढ़ की टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 307/2026 की विवेचना के दौरान डिजिटल साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में मल्हौर रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक संदिग्ध ठिकाने पर छापा मारा। निरीक्षक एवं विवेचक दिवाकर सिंह यादव तथा उपनिरीक्षक मोहम्मद नदीम खां की टीम ने वहां से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य मध्य प्रदेश, गुजरात समेत विभिन्न राज्यों से आकर लखनऊ में ठिकाना बनाकर कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और फर्जी बैंक खातों के जरिए धन के लेन-देन का नेटवर्क चला रहे थे।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अलग-अलग राज्यों के निवासी हैं। उनकी पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी प्रीतम समतानी उर्फ हैरी (23), गुजरात के सूरत जिले के बारडोली निवासी चौधरी निशान्त हर्षद भाई उर्फ डैडी (30), मध्य प्रदेश के मैहर निवासी संकेत सावलानी उर्फ सिनचैन (20), रीवा निवासी शुभम वाधवानी उर्फ मुन्ना भैया (19) और रीवा जिले के मनगवां क्षेत्र के निवासी अमरजीत साकेत उर्फ सलमान (30) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की विवेचना कर गिरोह के नेटवर्क, फर्जी बैंक खातों और बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित