प्रतापगढ़ , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो ट्रैवलर मिनी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस सवार 12 लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार देल्हूपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव के पास यह दुर्घटना उस समय हुई, जब प्रयागराज से अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मिनी बस में कुल 17 लोग सवार थे, जो महाराष्ट्र के पुणे निवासी श्रद्धालु हैं।

पुलिस के मुताबिक सभी श्रद्धालु प्रयागराज में संगम स्नान करने के बाद अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित