प्रतापगढ़ , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश के प्रताप गढ़ जिले में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत रविवार को प्रतापगढ़ में रसोइया सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया।

यह जानकारी आज शाम जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में दी गई है।

कार्यक्रम में विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर अपनी जिम्मेदारी निभाने वाली रसोइयों को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत जनपद में कार्यरत 6002 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। रसोइयों को पांच लाख तक के कैशलेस उपचार, दाे लाख की सामाजिक सुरक्षा, किचेन वस्त्र के लिए 500 के स्थान पर अब 1000 तथा मानदेय 2000 से बढ़ाकर 3000 किए जाने का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक राजेन्द्र प्रसाद मौर्य ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयां शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने रसोइयों से अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और मनोयोग से करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार रसोइयों के हितों को लेकर संवेदनशील है और उनकी सुविधा एवं सुरक्षा में निरंतर वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने रसोइयों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके सम्मान को समाज की जिम्मेदारी बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित