प्रतापगढ़ , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में देल्हूपुर थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के सशस्त्र मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेंद्र लाल ने बताया कि नरसिंहगढ़ नहर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विपिन कुमार निषाद के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी राजू को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल विपिन कुमार निषाद को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और 1730 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी करीब 20 दिन पहले देल्हूपुर बाजार में फुटकर रुपये कराने के बहाने एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाने में लूट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
ब ताया गया है कि विपिन कुमार निषाद एक अंतरजनपदीय अपराधी है, जिसके खिलाफ प्रतापगढ़, मिर्जापुर, भदोही और प्रयागराज समेत विभिन्न जिलों में लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 36 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित